भिवानी , अक्टूबर 19 -- हरियाणा के भिवानी के जिले के चांग गांव में कांग्रेस के खरक-कलिंगा ब्लॉक अधिवेशन के दौरान पार्टी नेताओं ने भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रगान गाने के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार का पुतला फूंका और हरियाणा में कथित वोट चोरी के आरोप लगाए।

अधिवेशन की अध्यक्षता खरक-कलिंगा ब्लॉक अध्यक्ष ठाकुर सतबीर परमार ने की। हिसार से कांग्रेस सांसद जयप्रकाश जेपी, जिला कांग्रेस ग्रामीण अध्यक्ष अनिरुद्ध चौधरी, शहरी अध्यक्ष प्रदीप गुलिया जोगी और एआईसीसी के पूर्व राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए।

सांसद जयप्रकाश जेपी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि हरियाणा में चुनाव के दौरान वोटों में हेराफेरी कर सरकार बनाई गई। उन्होंने दावा किया कि मतदान के बाद ईवीएम में छह से सात प्रतिशत तक वोट बढ़ाए गए। जेपी के अनुसार, उनके संसदीय क्षेत्र में मतदान के बाद करीब 50 हजार वोट बढ़ने का मामला सामने आया था। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में आंदोलन करना अराजकता नहीं, बल्कि जनादेश से छेड़छाड़ करना गंभीर मामला है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित