मुरैना , जून 29 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के कैलारस क्षेत्र में सोमवार सुबह स्कूल जाते समय एक शिक्षिका को चलती स्कूटी पर अचानक हृदयाघात आ गया। सड़क पर बेहोश होकर गिरने के बाद राहगीर दो युवकों ने उन्हें समय रहते सीपीआर देकर उनकी जान बचाई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार तिलोंजरी हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ शिक्षिका ललिता धाकड़ सोमवार सुबह स्कूटी से विद्यालय जा रही थीं। नेशनल हाईवे-552 पर भूराबली चौराहे के पास उन्हें अचानक हृदयाघात आया, जिससे वह स्कूटी सहित सड़क किनारे गिरकर बेहोश हो गईं।
उसी दौरान वहां से गुजर रहे सामाजिक कार्यकर्ता सूरज धाकड़ और उनके साथी पवन गुर्जर ने शिक्षिका को सड़क पर गिरा देखा। दोनों ने तत्काल उनकी स्थिति का आकलन कर सीपीआर देना शुरू किया, जिससे कुछ ही देर में उनकी सांसें लौट आईं।
इसके बाद दोनों उन्हें अपने वाहन से कैलारस अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया। सूचना मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। सामाजिक कार्यकर्ता सूरज धाकड़ ने बताया कि समय पर सीपीआर देने के कारण शिक्षिका की जान बच सकी। चिकित्सकों के अनुसार उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित