भोपाल , सितंबर 20 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार सुबह चलती मोटरसाइकिल पर एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार आरोपी पीछे बैठा था और उसने बीच में बैठे युवक के सिर से पिस्टल सटाकर गोली चला दी। गोली लगने के बाद मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। घटना हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी क्षेत्र की है।

निशातपुरा पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी 21 वर्षीय इखलास उर्फ ताशी के रूप में हुई है। वह पेंटरी का काम करता था। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी अलीम उर्फ अल्लू की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस के मुताबिक रविवार सुबह ताशी अपने दोस्त अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ मोटरसाइकिल से मछली पकड़ने जा रहा था। मोटरसाइकिल तीसरा युवक चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम पीछे बैठा था। इसी दौरान अलीम ने पिस्टल निकालकर ताशी के सिर से सटाकर गोली चला दी। इसके बाद उसने मोटरसाइकिल चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया और उसे अपने साथ सिंधी कॉलोनी तक ले गया।

सिंधी कॉलोनी पहुंचने के बाद आरोपी फरार हो गया। आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद मोटरसाइकिल चला रहा युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलने पर निशातपुरा पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मर्च्यूरी भेज दिया।

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले ताशी और अलीम के बीच एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच मारपीट भी हुई थी, जिसमें ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बाद में दोनों ने आपसी समझाइश से विवाद समाप्त कर लिया था। पुलिस के अनुसार हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका है। आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है और हत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित