भिण्ड , जुलाई 19 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के गोहद अनुभाग के एंडोरी थाना क्षेत्र में बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने चलती बाइक पर सवार एक महिला का पर्स झपट लिया। पर्स में सोने-चांदी के जेवर और नकदी सहित लगभग 90 हजार रुपये का सामान रखा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि गोहद के वार्ड क्रमांक-18 निवासी राजेश माहौर अपनी पत्नी के साथ एंडोरी क्षेत्र में अपनी बहन के घर गए थे। शनिवार रात दोनों मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बारहेड गांव के पास बंबा के निकट पीछे से मोटरसाइकिल पर आए तीन नकाबपोश बदमाशों ने महिला का पर्स झपट लिया।
पर्स छीनने के दौरान महिला सड़क पर गिर गई, जबकि बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित पक्ष के अनुसार पर्स में मंगलसूत्र, झुमकी, अंगूठी तथा करीब चार हजार रुपये नकद रखे थे। पुलिस ने लगभग 90 हजार रुपये की लूट का प्रकरण दर्ज कर अज्ञात आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार जिले में पिछले तीन दिनों के दौरान लूट की यह तीसरी घटना है। इससे पहले गोहद के सदर बाजार में एक महिला से बाइक सवार बदमाश मंगलसूत्र लूटकर फरार हो गए थे। वहीं मिहोना थाना क्षेत्र के अंतियनपुरा गांव के पास बदमाशों ने कट्टे की नोक पर मौसी-भांजे से जेवर, नकदी और मोबाइल लूट लिया था। पुलिस तीनों मामलों में जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित