फगवाड़ा , मई 11 -- सुल्तानपुर लोधी के निकट दादविंडी गांव के पास एक चलती निजी बस में सीट को लेकर हुए विवाद के दौरान पंजाब पुलिस के एक सहायक उप निरीक्षक द्वारा कथित रूप से रिवॉल्वर निकालने का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संबंधित अधिकारी को निलंबित कर दिया।
जानकारी के अनुसार, निजी बस के कंडक्टर और पीएपी में तैनात एएसआई बलबीर सिंह के बीच सीट को लेकर बहस हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विवाद बढ़ने पर एएसआई ने गुस्से में कथित तौर पर अपनी रिवॉल्वर निकाल ली, जिससे बस में सवार यात्रियों में दहशत फैल गई।
बस में मौजूद यात्रियों ने घटना के वीडियो अपने मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड कर लिए, जो बाद में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए। वीडियो सामने आने के बाद लोगों ने पुलिस अधिकारी के व्यवहार पर सवाल उठाए। बताया जा रहा है कि आरोपी एएसआई सुल्तानपुर लोधी के एक नेता के पीएसओ के रूप में तैनात था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित