लखनऊ/शाहजहांपुर , दिसम्बर 10 -- उत्तर प्रदेश के पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं आजाद अधिकार सेना के अध्यक्ष अमिताभ ठाकुर को मंगलवार देर रात एक नाटकीय पुलिस कार्रवाई में शाहजहांपुर रेलवे स्टेशन पर चलती ट्रेन से गिरफ्तार कर लिया गया। ठाकुर की यह गिरफ्तारी पुलिस ने उनकी लोकेशन सर्विलांस के जरिए ट्रेस कर की है।

अमिताभ ठाकुर लखनऊ से नई दिल्ली के लिए रवाना हुए थे और रात करीब 1:15 बजे उन्हें ट्रेन से उतारा गया। सूत्रों के अनुसार, अमिताभ ठाकुर ट्रेन में अपने बर्थ पर सो रहे थे। जैसे ही ट्रेन शाहजहांपुर स्टेशन पर करीब 01:52 बजे पहुंची, पुलिस टीम दोनों दिशाओं से उनके कोच में चढ़ गई और उन्हें जगाकर ट्रेन से नीचे ले आई। अचानक हुई इस गिरफ्तारी को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों में हड़कंप मच गया।

अमिताभ ठाकुर के खिलाफ देवरिया में जमीन से जुड़े कथित धोखाधड़ी के मामले में मुकदमा दर्ज है। बताया जाता है कि यह मामला तब का है जब वह देवरिया में एसपी के पद पर तैनात थे। जांच के लिए एसआईटी का गठन किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उन्हें पहले लखनऊ लाया गया और बाद में पूछताछ के लिए देवरिया भेज दिया गया।

पूर्व आईपीएस के खिलाफ लखनऊ के तालकटोरा थाने में भी धोखाधड़ी समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। गिरफ्तारी की सूचना बुधवार सुबह तालकटोरा थानाध्यक्ष कुलदीप कुमार दुबे ने फोन कर उनकी पत्नी नूतन ठाकुर को दी। इसके बाद सोशल मीडिया पर उनकी गिरफ्तारी की खबर तेजी से फैल गई।

पुलिस उपायुक्त पश्चिम विश्वजीत श्रीवास्तव ने बताया कि देवरिया वाले मामले में जांच आगे बढ़ने पर गिरफ्तारी की गई है। वहीं तालकटोरा थाने में दर्ज मुकदमे के चलते भी पुलिस की नजर उन पर थी। मंगलवार देर रात उनके दिल्ली जाने की जानकारी मिलने पर एसआईटी और तालकटोरा पुलिस सक्रिय हुई और लोकेशन के आधार पर सीतापुर-शाहजहांपुर बॉर्डर पर उन्हें दबोच लिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित