वाराणसी , मई 11 -- कोलकाता से जम्मू जा रही गाड़ी संख्या 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस ट्रेन के बोगी नंबर एस-2 में एक यात्री की गोली मारकर हत्या कर दी गई। रविवार और साेमवार की रात करीब दो बजे जब ट्रेन वाराणसी जंक्शन पहुंची, तब शव को नीचे उतारकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि बिहार के गया जिले के निवासी दिनेश शाह अपनी बहन और अन्य रिश्तेदारों के साथ सीतापुर जा रहे थे। वे गाड़ी संख्या 13151 कोलकाता-जम्मूतवी एक्सप्रेस के एस-2 बोगी में यात्रा कर रहे थे, जबकि उनकी बहन और रिश्तेदार जनरल कंपार्टमेंट में सवार थे। रविवार रात करीब 1:30 बजे ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से रवाना हुई थी। तभी बाथरूम के पास किसी अज्ञात व्यक्ति ने दिनेश शाह को गोली मार दी।

गोली की आवाज सुनकर अन्य यात्रियों ने मौके पर पहुंचकर रनिंग स्टाफ को सूचना दी। वाराणसी जंक्शन पर शव को ट्रेन से उतारा गया। परिजनों ने हत्या के पीछे किसी वजह का पता नहीं बताया। हमलावर कहां गया, वह ट्रेन से कहां और कैसे उतरा या अगले किसी स्टेशन तक गया, यह अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित