रायपुर , अक्टूबर 21 -- छत्तीसगढ के रायपुर में चलती ट्रेन में पैसे देने से इनकार करने पर दो यात्रियों के साथ कथित तौर पर गाली-गलौज और मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के अनुसार, तीन किन्नरों और एक युवक ने यात्रियों से पैसे मांगे और मना करने पर उनके साथ मारपीट की।
आरोप है कि इस दौरान युवक ने एक यात्री के दाहिने सीने पर लात मार दी, जिससे वह घायल हो गया। बीच-बचाव करने पहुंचे उसके दोस्त के साथ भी हाथापाई की गई। आरोपियों पर दोनों यात्रियों को ट्रेन से नीचे फेंकने और जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप है।
रेलवे पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। रेलवे पुलिस के अनुसार उनको दी गई शिकायत के मुताबिक, सुंदरगढ़ जिले के लाठीकटा थाना क्षेत्र के मोनको निवासी जुनुस जोजो (24) अपने दोस्त विकास तिर्की के साथ ट्रेन नंबर 12812 से राउरकेला से नासिक जा रहे थे। दोनों ट्रेन के जनरल कोच में सफर कर रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 17 अक्टूबर की रात करीब 9.45 बजे रायपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन रवाना होने के बाद तीन किन्नर और एक युवक उनके पास पहुंचे और पैसे मांगने लगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपियों ने विवाद शुरू कर दिया और गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। इसी दौरान युवक ने जुनुस जोजो के दाहिने सीने पर लात मारी। मारपीट में उनकी नाक के पास भी चोट आई। दोस्त विकास तिर्की ने हस्तक्षेप करने की कोशिश की तो उसके साथ भी हाथापाई की गई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित