बिलासपुर , जुलाई 29 -- छत्तीसगढ़ में चलती ट्रेनों में यात्रियों के जेवर एवं अन्य कीमती सामान चोरी करने वाले अंतरराज्यीय 'पेपर गैंग' के छह सदस्यों को रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और शासकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर रायगढ़ निवासी एक परिवार के प्लास्टिक बॉक्स से लगभग 2.74 लाख रुपये मूल्य के सोने के आभूषण चोरी करने का आरोप है। पुलिस के अनुसार गिरोह के दो कथित सरगना अभी फरार हैं।
पुलिस से बुधवार को मिली जानकारी के अनुसार रायगढ़ निवासी यज्ञ नारायण सोनी 12 जुलाई को अपने परिवार के साथ गाड़ी संख्या 58214 टिटलागढ़ पैसेंजर से बिलासपुर से रायगढ़ की यात्रा कर रहे थे। यात्रा के दौरान उनके प्लास्टिक बॉक्स में रखे करीब 2.74 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवर चोरी हो गए। रायगढ़ पहुंचने पर घटना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने बिलासपुर जीआरपी में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान वारदात के तरीके का विश्लेषण करने पर आरपीएफ की सीआईबी और जीआरपी को अंतरराज्यीय 'पेपर गैंग' की संलिप्तता का संदेह हुआ। इसके बाद बिलासपुर, जयरामनगर, अकलतरा, नैला और चांपा रेलवे स्टेशनों के सीसीटीवी फुटेज, शहर के ट्रैफिक कैमरों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया गया।
संयुक्त कार्रवाई में 26 जुलाई को छत्तीस कुमार (42), सागर (23), पिंटू राज (38), उदय कुमार (35), शिंटू कुमार (29) तथा हिमांशु कुमार (20) को गिरफ्तार किया गया। सभी आरोपी बिहार के बरियारपुर, मुंगेर के निवासी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि गिरोह का संचालन रणजीत कुमार मंडल और दीपक कुमार मंडल करते हैं। पुलिस के अनुसार दोनों कथित सरगना चोरी किए गए गहनों के साथ फरार हैं। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध रेलवे यात्रियों से चोरी के पूर्व के मामलों की भी जानकारी मिली है तथा पूछताछ में अन्य घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी मिलने की संभावना जताई जा रही है।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी बिलासपुर शहर के एक होटल में ठहरे हुए थे और क्षेत्र में एक और चोरी की वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरोह ट्रेनों में परिवार के साथ यात्रा कर रहे यात्रियों को निशाना बनाता था तथा भीड़ का लाभ उठाकर सामान से जेवर और अन्य कीमती वस्तुएं चोरी कर अलग-अलग स्टेशनों पर उतरकर फरार हो जाता था।
जीआरपी ने बताया कि इससे करीब दो महीने पहले भी ट्रेनों में महिला यात्रियों के हैंडबैग, नकदी और जेवर चोरी करने वाले महाराष्ट्र के चार सदस्यीय महिला गिरोह को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा रेलवे स्टेशन परिसर में चोरी की नीयत से घूम रही महाराष्ट्र की सात अन्य महिलाओं को भी पुलिस ने पकड़ा था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित