सुलतानपुर , सितम्बर 17 -- उत्तर प्रदेश में सुलतानपुर जिले के चर्चित अधिवक्ता आजाद अहमद हत्याकांड में पुलिस ने मुख्य आरोपी सिराज अहमद के पिता मंसूर अहमद और सह आरोपी मो. सारिज अहमद को गिरफ्तार किया है। गुरुवार शाम उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से सीजेएम नवनीत सिंह ने दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के कोतवाली देहात थाना क्षेत्र के अलहदादपुर निवासी अधिवक्ता आजाद अहमद की 6 अगस्त 2023 को शहर से सटे भुलकी चौराहे के पास गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मृतक अधिवक्ता के पिता मो. सलीम ने सिराज अहमद, इकरामुद्दीन और कई अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया था। मामले में इकरामुद्दीन समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ एफटीसी द्वितीय स्वतंत्र प्रकाश की कोर्ट में सुनवाई हो रही है। इस हत्याकांड से जुड़े आठ आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी थी।
हत्याकांड के दौरान अधिवक्ता के भाई मुनव्वर पर भी हमला हुआ था। उन्हें सरकारी मेडिकल कॉलेज से इलाज के लिए लखनऊ के ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था। इस घटना के अगले ही दिन से बार एसोसिएशन ने प्रदर्शन करना शुरू कर दिया था। हालांकि, हत्याकांड के मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद और इस्माइल उर्फ प्रिंस की गिरफ्तारी नहीं हो पाई थी। एसपी ने दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था, जिसे बाद में आईजी अयोध्या ने दोगुना कर दिया। इसके बाद एडीजी जोन ने इनाम की राशि को 50 हजार से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया था। इस मामले में कोतवाल कृष्ण मोहन सिंह को एसपी ने लाइन हाजिर कर दिया था। बाद में इस हत्याकांड का मुख्य आरोपी और हिस्ट्रीशीटर सिराज अहमद 21 दिसंबर 2025 को सहारनपुर में एक एनकाउंटर में मारा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित