बैकुंठपुर , जून 19 -- छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में एक महिला के साथ कथित रूप से अमानवीय व्यवहार का मामला सामने आया है। पत्नी के चरित्र पर संदेह होने के कारण एक व्यक्ति ने उसके हाथ-पैर बांधकर सिर के बाल मुंडवा दिए और बेटे से उसके सिर पर पेशाब करवाने का आरोप है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, सूरजपुर जिले के रूनियाडीह निवासी जितेंद्र घसिया ने लगभग 15 वर्ष पूर्व सूरजपुर के करंजी क्षेत्र की रहने वाली तारा से प्रेम विवाह किया था। विवाह के समय तारा की उम्र करीब 17 वर्ष बताई गई है। दंपति के चार बच्चे हैं, लेकिन पिछले कुछ समय से दोनों के बीच पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी कारण तारा पति से अलग होकर कोरिया जिले के पंडोपारा क्षेत्र में रह रही थी और लोगों के घरों में काम कर अपने तथा बच्चों के भरण-पोषण का कार्य कर रही थी।

पीड़िता तारा के अनुसार, वह 11 जून 2026 को अपने परिचित रमेश घसिया के घर पहुंची थी, जिसने पूर्व में भी जरूरत के समय उसकी मदद की थी। आरोप है कि 14 जून को उसका पति जितेंद्र वहां पहुंचा और गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने कथित रूप से महिला के हाथ-पैर बांध दिए, उसका मुंडन कराया तथा अपमानजनक व्यवहार किया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने अपने बेटे से उसके सिर पर पेशाब भी करवाया।

वायरल वीडियो में आरोपी कथित रूप से यह कहते हुए भी दिखाई दे रहा है कि, "यदि तुझमें थोड़ी भी शर्म बची होगी तो फांसी लगा लेना या ट्रेन से कटकर मर जाना।" बताया गया है कि घटना का वीडियो महिला के बच्चों और अन्य परिजनों द्वारा बनाया गया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित