जशपुर, मार्च 07 -- छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के तपकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पुटली में एक व्यक्ति द्वारा अपनी ही पत्नी की धारदार हथियार से हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पत्नी की चरित्र पर संदेह को इस जघन्य वारदात की वजह बताया जा रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया, जिसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस से शनिवार को जानकारी के अनुसार,तपकरा थाना में दर्ज प्रार्थी की रिपोर्ट के अनुसार, घटना 06 मार्च की रात करीब ढाई बजे की है। आरोपी जेरोम तिर्की (56) ने खुद अपने भाई जूलियस तिर्की के घर जाकर बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है। सूचना पाकर जूलियस अपनी पत्नी और अन्य परिजनों के साथ आरोपी के घर पहुंचा, जहां मृतिका अलकसिलिया तिर्की (53) का शव बिस्तर पर खून से लथपथ पड़ा था। मृतिका के गले पर धारदार हथियार से वार किए जाने का गहरा घाव था और उससे रक्त बह रहा था।
आरोपी ने अपने भाई को बताया कि उसे अपनी पत्नी की चरित्र पर संदेह था। इसी बात को लेकर हुए विवाद के दौरान उसने घर में रखे लोहे के धारदार हथियार (दौली) से उसके गले पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
प्रार्थी की रिपोर्ट पर तपकरा थाना में आरोपी जेरोम तिर्की के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) (हत्या) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने शव का पंचनामा भरवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित