धार , अगस्त 18 -- मध्यप्रदेश के धार जिले के मनावर थाना क्षेत्र में चरित्र शंका को लेकर पत्नी की लाठी से मारपीट करने के आरोपी पति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई।
पुलिस के अनुसार 16 अगस्त को ग्राम जाजमखेड़ी कालाभाटा में दुर्गेश पिता कैलाश मौर्य का पत्नी काजल से चरित्र शंका को लेकर विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी ने लाठी से काजल के हाथ, पैर, सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।
परिजनों और पुलिस की मदद से घायल काजल को डायल-112 वाहन से सिविल अस्पताल मनावर ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल बड़वानी रेफर किया, जहां उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।
पुलिस अधीक्षक सचिन शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विजय डावर और एसडीओपी ब्रजेश मालवीय के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी राजेश यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए 17 अगस्त को आरोपी दुर्गेश को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त बांस की लाठी, घटनास्थल से खून से सनी और सादी मिट्टी तथा आरोपी के खून लगे जींस को जब्त किया है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित