मुरैना , जुलाई 15 -- मध्यप्रदेश में मुरैना जिले के सिहोनिया थाना क्षेत्र में चरित्र शंका के चलते एक व्यक्ति को कथित रूप से पेड़ से बांधकर डंडों, बेल्ट और पट्टे से मारपीट करने के आरोप में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के कीचोल गांव निवासी छोटू वाल्मीकि अपनी ससुराल भिडौसा गांव आया था। आरोप है कि वह अपनी साली को घूमाने के बहाने ले गया और उसके साथ छेड़छाड़ की। लौटते समय उसके दोनों साले गोलू वाल्मीकि और मोनू वाल्मीकि ने उसे रोक लिया।

आरोप है कि दोनों उसे बाबरीपुरा के बीहड़ में ले गए, जहां पेड़ से बांधकर उसके कपड़े उतरवा दिए और डंडों, बेल्ट तथा पट्टे से मारपीट की। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के वहां से चले जाने के बाद पीड़ित ने किसी तरह स्वयं को बंधनमुक्त किया और सिहोनिया थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित