दंतेवाड़ा , जुलाई 23 -- छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में पत्नी के चरित्र पर संदेह के चलते एक व्यक्ति द्वारा अपनी दूसरी पत्नी की कथित रूप से गला काटकर हत्या करने का मामला आज सामने आया है। हत्या के बाद आरोपी शव को घर के पीछे फेंककर फरार हो गया। करीब छह दिन बाद शव से दुर्गंध आने पर ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। मामला सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र का है।

पुलिस से आज मिली जानकारी के अनुसार, गोंदपाल गांव निवासी 36 वर्षीय लक्ष्मण कुंजाम, जो पूर्व सरपंच भी रह चुका है, अपनी दूसरी पत्नी 35 वर्षीय झुमकी कुंजाम के साथ पिछले कुछ महीनों से दंतेवाड़ा के कतियाररास में रह रहा था। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी को लंबे समय से पत्नी के चरित्र पर संदेह था, जिसे लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

पुलिस के मुताबिक, बीते 17 जुलाई को दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। उस समय आरोपी शराब के नशे में था। आरोप है कि उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू से पत्नी पर हमला कर उसका गला काट दिया, जिससे सिर धड़ से अलग हो गया। वारदात के बाद आरोपी शव को घर के पीछे फेंककर मौके से फरार हो गया।

करीब छह दिन तक शव वहीं पड़ा रहा। शव सड़ने और उसमें कीड़े पड़ने से क्षेत्र में दुर्गंध फैलने लगी। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव बरामद कर जांच शुरू की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित