बारां , मई, 04 -- 04 मई (वार्ता) राजस्थान में बारां जिले के अटरू में स्थित चरड़ाना गांव में रविवार देर शाम तक रामतलाई बालाजी धाम मंदिर परिसर में आयोजित पंचकुण्डीय श्रीराम महायज्ञ एवं शीतला माता मंदिर लोकार्पण कार्यक्रम भक्ति और आस्था के विराट आयोजन में बदल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शिक्षा एवं पंचायत राज मंत्री मदन दिलावर ने संतों की उपस्थिति में विधिवत पूजा-अर्चना करके मंदिर का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर चरड़ाना सहित आसपास के कई गांवों से हजारों श्रद्धालु पहुंचे और पूरे क्षेत्र में धार्मिक उत्साह का माहौल देखने को मिला। पूरा गांव भगवा और भक्ति में लीन रहा। बालाजी विकास समिति चरड़ाना के तत्वावधान में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम के तहत गांव के प्रवेश मार्ग से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें आकर्षक झांकियां और संतों की टोलियां शामिल रहीं। शोभायात्रा के दौरान श्री दिलावर वाहन की छत से ग्रामीणों का अभिवादन करते हुए आगे बढ़े। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया।

सरपंच एवं प्रशासक कृष्णमुरारी दिलावर और समिति सदस्यों ने बताया कि यह आयोजन क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है। कार्यक्रम में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक राधेश्याम बैरवा, भाजपा नेता संजीव भारद्वाज, पूर्व प्रधान गिरराज नागर, मुकेश मिश्रा सहित कई जनप्रतिनिधि और धर्म जगत की हस्तियां उपस्थित रहीं।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में श्री दिलावर ने सम्बोधित करते हुए कहा कि यह आस्था स्थल क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है और इसे पर्यटन मानचित्र पर विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होेंने कहा कि इस महायज्ञ में देशभर के विभिन्न अखाड़ों और मठों से आए साधु-संतों का सानिध्य मिला, जिससे पूरे क्षेत्र में भक्तिभाव और धार्मिक ऊर्जा का संचार हुआ।

रामतलाई बालाजी धाम की ऐतिहासिक महत्ता भी इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रही। सरपंच कृष्णमुरारी दिलावर के अनुसार वर्ष 2007 में यहां संतों द्वारा शाही स्नान का आयोजन किया गया था, जिसे कुंभ के अलावा देश में अपनी तरह का अनूठा आयोजन माना जाता है। सात पवित्र नदियों के जल से अभिमंत्रित इस स्थल को संतों ने तीर्थ का स्वरूप प्रदान किया, जिसके बाद से यह स्थान श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित