पंचकूला , अगस्त 07 -- हरियाणा के चरखी दादरी में छह अगस्त को हुई गोलीबारी मामले के आरोपी को विशेष कार्य बल (एसटीएफ) रोहतक और चरखी दादरी पुलिस की संयुक्त टीम ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक भागने की कोशिश के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर गोली चलाई, जिसके जवाब में की गई कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी। उसके कब्जे से एक अवैध पिस्टल भी बरामद की गई है।

पुलिस मुख्यालय की ओर से शुक्रवार शाम जारी आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, चरखी दादरी गोलीकांड में शामिल आरोपियों की तलाश के लिए एसटीएफ रोहतक और जिला पुलिस संयुक्त अभियान चला रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि मामले का आरोपी सफेद रंग की कार सवार होकर गांव बौंद की ओर जा रहा है।

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बौंद-कलानौर मार्ग पर नाकाबंदी की। पुलिस का दावा है कि टीम को देखकर आरोपी ने भागने की कोशिश की और पुलिस पर गोली चला दी। जवाबी कार्रवाई में उसके दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया।

घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस ने आरोपी की पहचान झज्जर जिले के गांव माजरा (दुबलधन) निवासी रोहित उर्फ कटिया के रूप में की है।

पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ पहले से छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें हत्या, हत्या के प्रयास, झपटमारी, मारपीट और शस्त्र अधिनियम से जुड़े मामले शामिल हैं।

मुठभेड़ के बाद सीन ऑफ क्राइम और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी की टीमों को मौके पर बुलाया गया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए गए।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर कल हुयी गोलीबारी के घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगा रही है। मामले से जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश भी जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित