भरतपुर , जून 23 -- राजस्थान, उत्तर प्रदेश और मध्यप्रदेश के चंबल नदी क्षेत्र में प्रतिबंधित चम्बल बजरी खनन एवं परिवहन पर प्रभावी रोकथाम के लिए उच्चतम न्यायालय के निर्देशों की प्रभावी पालना के साथ ही अंतरराज्यीय स्तर पर बेहतर समन्वय के मद्देनजर मंगलवार को मध्यप्रदेश में मुरैना के घड़ियाल पालन केन्द्र देवरी में अन्तर्राज्यीय टास्क फोर्स समिति की बैठक आयोजित की गयी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इस अवसर पर चम्बल नदी क्षेत्र में प्रतिबंधित बजरी खनन एवं परिवहन की रोकथाम के लिए विभिन्न विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करने, संयुक्त कार्रवाई को और अधिक प्रभावी बनाने और सीमावर्ती क्षेत्रों में सतत निगरानी रखने के संबंध में विस्तार से चर्चा की गयी।
बैठक में मध्यप्रदेश एवं आगरा (उत्तरप्रदेश) पुलिस एवं प्रशासन के उच्चाधिकारियों, वन, परिवहन एवं खनिज विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ही धौलपुर के जिला कलक्टर श्रीनिधि बीटी, पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान, परिवहन अधिकारी भी मौजूद थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित