भरतपुर , अक्टूबर 07 -- राजस्थान में सवाईमाधोपुर जिले के बहरावंडा खुर्द के झरेल में बुधवार को चंबल नदी के कुंड में नहाते समय भाई-बहन डूब कर लापता हो गये।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि गणपत सैनी (22) और अंतिमा (20) मंदिर दर्शन के लिए बालाजी मंदिर आये थे। नदी किनारे उनके कपड़े, बैग, शैंपू, चप्पलें और मोबाइल मिले। मोबाइल में मिले सेल्फी वीडियो से पता चला कि वे नदी में नहाते समय डूबे हैं।

कैथूदा और बहरावंडा खुर्द चौकी पुलिस और ग्रामीणों के साथ स्थानीय गोताखोरों जयसिंह गुर्जर, छोटू मीना और गोरधन गुर्जर सहित अन्य लोग दोनों की तलाश में जुटे है, लेकिन शाम होने तक उनका कोई पता नहीं चल सका है। नदी में पानी गहरा होने से उन्हें ढूंढने में दिक्कत आ रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित