चम्पावत , जून 16 -- उत्तराखंड के चंपावत में 300 सुरक्षा जवानों की सीधी भर्ती होगी। इसके लिए जिला प्रशासन की ओर से ब्लॉक स्तर पर विशेष भर्ती शिविरों (रोजगार मेलों) का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से देहरादून की प्रतिष्ठित सुरक्षा एजेंसी एसआईएस इंडिया लिमिटेड द्वारा सुरक्षा जवानों की सीधी भर्ती की जाएगी।

जिलाधिकारी मनीष कुमार के निर्देशन में आयोजित किए जा रहे इन रोजगार मेलों का उद्देश्य जिले के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को उनके नजदीक ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। जिला सेवायोजन अधिकारी आर.के. पंत ने बताया कि भर्ती अभियान के तहत जनपद के सभी विकासखंडों में शिविर लगाए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि सुरक्षा जवान पद के लिए अभ्यर्थी का 10वीं पास होना आवश्यक है। भर्ती के लिए आयु सीमा 18 से 40 वर्ष निर्धारित की गई है। इसके अलावा अभ्यर्थी की न्यूनतम ऊंचाई 168 सेंटीमीटर और वजन 55 किलोग्राम होना अनिवार्य है। चयनित अभ्यर्थियों को एसआईएस ट्रेनिंग एकेडमी, देहरादून में एक माह का प्रशिक्षण दिया जाएगा।

प्रशिक्षण सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद अभ्यर्थियों को 15 हजार से 30 हजार रुपये प्रतिमाह तक वेतन के साथ अन्य सुविधाएं भी प्रदान की जाएंगी। भर्ती प्रक्रिया के लिए 350 रुपये का ऑनलाइन पंजीकरण शुल्क निर्धारित किया गया है, जो केवल चयनित अभ्यर्थियों से ही लिया जाएगा।

भर्ती शिविर 19 और 20 जून को बाराकोट, 22 और 23 जून को पाटी, 24 और 25 जून को लोहाघाट तथा 27 और 29 जून को जिला सेवायोजन कार्यालय चम्पावत में आयोजित किए जाएंगे। सभी शिविर प्रातः 10:30 बजे से अपराह्न 3:00 बजे तक संचालित होंगे।

जिला सेवायोजन अधिकारी ने युवाओं से अपने मूल शैक्षिक प्रमाण पत्र, आधार कार्ड और पासपोर्ट साइज फोटो के साथ निर्धारित तिथि एवं स्थान पर पहुंचकर रोजगार मेले का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह भर्ती अभियान जिले के युवाओं को रोजगार से जोड़ने और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित