चम्पावत , सितंबर 15 -- उत्तराखंड के चंपावत में जनपदवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जिला प्रशासन की ओर से एक महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आगामी 18 से 20 सितंबर तक जिला चिकित्सालय चम्पावत में दिल्ली के अपोलो अस्पताल के सहयोग से विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से मरीजों को परामर्श देगी।

बताया जा रहा है कि शिविर में जनरल फिजिशियन डॉ. रोली, नेफ्रोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. शिवानी, न्यूरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. कौशल, ऑर्थोपेडिक विशेषज्ञ डॉ. कपिल तथा कार्डियोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. आशिमा अपनी सेवाएं देंगी, जिससे हृदय, किडनी, न्यूरो, हड्डी एवं सामान्य रोगों से पीड़ित मरीजों को स्थानीय स्तर पर ही विशेषज्ञ परामर्श मिल सकेगा।

जिलाधिकारी मनीष कुमार ने जनपदवासियों से इस शिविर का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि इससे लोगों को बेहतर इलाज के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित