चम्पावत , अप्रैल 05 -- उत्तराखंड की चम्पावत पुलिस ने लाखों रुपए की स्मैक के साथ रविवार को एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी दुकान की आड़ में स्मैक का धंधा करता था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टनकपुर पुलिस को लंबे समय से स्मैक तस्करी के संबंध में सूचना मिल रही थी। पुलिस और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीम ने तस्कर पर नजर बनाए रखी।

मुखबिर की सूचना पर आज पुलिस ने आरोपी गोविंद राम निवासी ककराली गेट, टनकपुर (जिला चम्पावत) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी "रामू दा फास्ट फूड सेंटर" के नाम से दुकान चलाता है।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 82.25 ग्राम स्मैक बरामद की। इसके साथ ही स्मैक के सेवन में इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए हैं। आरोपी के खिलाफ थाना टनकपुर में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित