चम्पावत , अप्रैल 19 -- उत्तराखंड के चम्पावत में वन्यजीव अंगों की तस्करी के मामले में पुलिस और वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने तेंदुए की खाल के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। इस वर्ष वन्य जीव अंग तस्करी का यह दूसरा मामला है।

पुलिस अधीक्षक (एसपी) रेखा यादव के अनुसार विशेष अभियान समूह (एसओजी) को वन्य जीव अंग की तस्करी के मामले में गोपनीय सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस की टीम तस्करों पर नजर रखने लगी।

मुखबिर खास से मिली जानकारी के बाद वन विभाग और रीठा साहिब पुलिस और एसओजी टीम ने कल शनिवार को पुराना थाना बैरियर के पास अपना जाल बिछा लिया। इसी बीच तस्कर दीपक सिंह बोहरा निवासी गागरी नदी पार, थाना रीठा साहिब, जनपद चम्पावत को गुलदार की खाल के साथ गिरफ्तार कर लिया।

बरामद खाल की लंबाई लगभग 2 मीटर बताई गई है जबकि गुलदार की उम्र करीब 8 वर्ष आंकी गई है। आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसने गुलदार को फंदा लगाकर मारा था और उसकी हड्डियां जंगल में छिपा दी हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी खाल को लोहाघाट की ओर किसी व्यक्ति को देने जा रहा था। मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित