चम्पावत , अप्रैल 18 -- उत्तराखंड के चंपावत में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आदतन नशीले पदार्थ तस्कर को स्वापक औषधि और मन: प्रभावी पदार्थ अवैध व्यापार निवारण अधिनियम, 1988 (पीआईटी-एनडीपीएस एक्ट) के तहत निरुद्ध किया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अमन कुरैशी निवासी वार्ड नंबर 3, बनबसा, एक आदतन नशा तस्कर है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट, गैंगस्टर एक्ट के साथ ही चोरी के मामले में कुल सात मामले दर्ज हैं।

वह लंबे समय से स्मैक/हेरोइन की तस्करी में संलिप्त रहा है और पहले भी कई बार जेल जा चुका है। स्थानीय स्तर पर उसके खिलाफ लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जो जांच में सही पाई गईं।

आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों और समाज पर पड़ रहे नकारात्मक प्रभाव को देखते हुए उसके खिलाफ पीआईटी एनडीपीएस एक्ट की धारा 3(1) के तहत निरुद्ध की कार्रवाई की गई, ताकि भविष्य में उसकी अवैध गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

पुलिस अधीक्षक रेखा यादव के निर्देश पर बनबसा थाना और विशेष अभियान समूह (एसओजी) की टीम की ओर से शुक्रवार को यह कार्रवाई की गई जिसमें उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह कोरंगा, उपनिरीक्षक कमलेश भट्ट समेत अन्य पुलिसकर्मियों शामिल रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित