चम्पावत , सितंबर 15 -- उत्तराखंड के चंपावत जिले के 29वें स्थापना दिवस को मंगलवार को हर्षोल्लास से मनाया गया। इस अवसर पर आदर्श चम्पावत' जिले के संकल्प को आगे बढ़ाने का आह्वान किया गया।

जिलाधिकारी मनीष कुमार की अध्यक्षता में एक गोष्ठी का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों, प्रगतिशील किसानों, स्वयं सहायता समूहों, व्यापारियों, पत्रकारों और भूतपूर्व सैनिकों ने विकास की भावी दिशा को लेकर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय, नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय, चम्पावत संघर्ष समिति अध्यक्ष बसंत तड़ागी और जिलाधिकारी सहित गणमान्य लोगों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान केक काटकर जिले की 29वीं वर्षगांठ मनाई गई और निरंतर प्रगति का संकल्प लिया गया।

जिलाधिकारी ने जिलावासियों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि 15 सितंबर 1997 को स्थापना के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में 'आदर्श चम्पावत' की परिकल्पना को साकार करने के लिए शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, खेल, आधारभूत संरचना, आजीविका और जनसुविधाओं के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं।

उन्होंने नवाचार से जुड़ी पहलों - लिगेसी वेस्ट निस्तारण, पिरूल ब्रिकेट यूनिट, ज्ञान केंद्र, ज्ञान सेतु, आंगनबाड़ी केंद्रों में सोलर लाइट और खिरद्वारी तक बिजली पहुंचाने - का उल्लेख करते हुए जिला अस्पताल में ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट, छमनियां-लोहाघाट में राज्य के पहले महिला स्पोर्ट्स कॉलेज, साइंस सेंटर, गोल्ज्यू कॉरिडोर टनकपुर में आईएसबीटी और शारदा कॉरिडोर जैसी परियोजनाओं को जनपद की मजबूत नींव बताया।

ग्राम प्रधान भिंगराड़ा गीता भट्ट ने पिरूल ब्रिकेट यूनिट के जरिए महिलाओं को मिले स्वरोजगार के अनुभव साझा किए। व्यापार संघ अध्यक्ष विकास शाह, किसान रघुवर मुरारी व राकेश उपाध्याय तथा पत्रकार पंकज पाठक ने भी सुझाव रखे। नगर पालिका अध्यक्ष प्रेमा पाण्डेय और दर्जा प्राप्त मंत्री श्याम नारायण पाण्डेय ने मुख्यमंत्री के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों की सराहना की, वहीं संघर्ष समिति अध्यक्ष बसंत तड़ागी ने 'आदर्श चम्पावत' के निर्माण में सभी नागरिकों की भागीदारी का आह्वान किया।

कार्यक्रम में प्रभारी मुख्य विकास अधिकारी अजय सिंह, एपीडी विम्मी जोशी, जिला विकास अधिकारी दिनेश दिगारी, मुख्य कृषि अधिकारी धनपत कुमार, सीएचओ योगेश भट्ट सहित भूतपूर्व सैनिक, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित