ऋषिकेश , मई 07 -- उत्तराखंड के चम्पावत जिले में 16 वर्षीय नाबालिग के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) मंडल उपाध्यक्ष पर लगे कथित सामूहिक दुष्कर्म के आरोपों के विरोध में गुरुवार को एनएसयूआई और युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने यहां कोयल घाटी में प्रदेश सरकार का पुतला दहन कर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई महानगर अध्यक्ष हिमांशु जाटव एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरव राणा ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा लगातार खतरे में है। उन्होंने आरोप लगाया कि जब सत्ता से जुड़े लोग ही गंभीर अपराधों में शामिल होंगे तो आम जनता न्याय की उम्मीद किससे करेगी। नेताओं ने आरोपियों को शीघ्र फांसी देने की मांग करते हुए कहा कि अंकिता भंडारी प्रकरण में यदि समय रहते सख्त कार्रवाई हुई होती तो ऐसी घटनाएं दोबारा सामने नहीं आतीं।

युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष रवि थापा तथा युवा कांग्रेस महानगर अध्यक्ष हिमांशु कश्यप ने भाजपा सरकार पर महिला सुरक्षा के मुद्दे पर विफल रहने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार केवल बयानबाजी कर रही है, जबकि जमीनी स्तर पर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने जल्द और निष्पक्ष कार्रवाई नहीं की तो एनएसयूआई और युवा कांग्रेस प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।

प्रदर्शनकारियों ने दोषियों को फांसी देने, मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने तथा पीड़िता के परिवार को सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने "बेटी बचाओ, बेटी को न्याय दिलाओ" और "महिला विरोधी सरकार जवाब दो" जैसे नारे भी लगाए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित