चम्पावत , अगस्त 20 -- उत्तराखंड के चम्पावत जिले को गुरुवार को बड़ी सौगात मिली। जिला चिकित्सालय, चम्पावत में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से स्थापित रक्त घटक पृथक्करण इकाई (ब्लड कंपोनेंट सेपरेशन यूनिट) का मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्चुअल माध्यम से शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि चम्पावत उनके लिए केवल एक विधानसभा क्षेत्र नहीं, बल्कि कर्मभूमि है और यहां की जनता उनका परिवार है। उन्होंने कहा कि गुरुवार को चम्पावत के स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दिन है, क्योंकि कुमाऊं मंडल में जिला अस्पताल पिथौरागढ़ और जिला अस्पताल रुद्रपुर के बाद जनपद चंपावत के जिला अस्पताल में यह सुविधा शुरू हुई है। उन्होंने कहा कि इससे आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को आवश्यक जीवनरक्षक रक्त घटक समय पर स्थानीय स्तर पर उपलब्ध हो सकेंगे।
मुख्यमंत्री ने बताया कि चम्पावत में स्वास्थ्य सुविधाओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है - लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक, सीटी स्कैन, एमआरआई और डायलिसिस जैसी सुविधाएं पहले ही विकसित की जा चुकी हैं, तथा डायग्नोस्टिक विंग और ऑपरेशन थिएटर का निर्माण भी जारी है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है और सरकार ने चम्पावत को आदर्श जिला बनाने का संकल्प लिया है। उन्होंने कहा कि जिला चिकित्सालय में यह सुविधा शुरू होने से सीमांत एवं दूरस्थ क्षेत्रों से आने वाले मरीजों को विशेष राहत मिलेगी और उन्हें अन्य बड़े चिकित्सा केंद्रों की ओर रेफर किए जाने की आवश्यकता कम होगी, जिससे आपातकालीन उपचार में महत्वपूर्ण समय की बचत होगी।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश चौहान ने बताया कि यह यूनिट जनपद में गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है और इससे स्वैच्छिक रक्तदान को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
कैबिनेट मंत्री (चिकित्सा स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा) सुबोध उनियाल ने इस पहल को जनपद के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए चम्पावतवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित