चमोली , अक्टूबर 03 -- उत्तराखंड के चमोली में मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी कर जंगल के रास्ते भाग रहे दो आरोपियों को पोखरी पुलिस ने सूचना मिलने के दो घंटे से भी कम समय में चोरी के सामान सहित गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मामले का शनिवार को खुलासा करते हुए आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई बैटरियां और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, दो अक्टूबर को इंडस टावर लिमिटेड कंपनी में केयरटेकर के पद पर कार्यरत ओमप्रकाश निवासी ताली ने थाना पोखरी में सूचना दी कि मोबाइल टावर के शेल्टर रूम से दो अज्ञात व्यक्ति बैटरियां चोरी कर जंगल के रास्ते सड़क की ओर भाग रहे हैं। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष पोखरी देवेंद्र पंत के नेतृत्व में पुलिस ने मोहनखाल चौकी सहित विभिन्न स्थानों पर बैरियर लगाकर सघन चेकिंग शुरू कर दी।
इसी दौरान पुलिस टीम ने वाहन एक मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्धों को रोककर तलाशी ली। उनके कब्जे से मोबाइल टावर से चोरी की गई बैटरियां बरामद हुईं। पूछताछ में दोनों ने पूर्व में भी उक्त मोबाइल टावर से बैटरियां चोरी करने की बात स्वीकार की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रोहित रावत पुत्र वीरेंद्र सिंह रावत, निवासी ग्राम खल, बीरोखाल, थाना थलीसैंण, पौड़ी गढ़वाल तथा मनीष रमोला पुत्र धरम चन्द्र रमोला, निवासी ग्राम छोटी मंडी, थाना धरासू, उत्तरकाशी के रूप में हुई है।
बरामदगी के आधार पर थाना पोखरी में आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित