चमोली , जुलाई 11 -- उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच चमोली जिले के नारायणबगड़ से एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। शनिवार दोपहर नारायणबगड़ स्थित सरकारी अस्पताल परिसर में जर्जर सुरक्षा दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे की चपेट में आकर अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद अस्पताल कर्मियों और स्थानीय लोगों की मदद से डॉ. डिमरी को प्राथमिक उपचार देने के बाद हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। चिकित्सक के निधन की खबर मिलते ही स्वास्थ्य विभाग में शोक की लहर दौड़ गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार लगातार हो रही बारिश के कारण दीवार कमजोर हो गई थी, जिसके चलते यह हादसा हुआ। घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित