चमोली , नवंबर 05 -- उत्तराखंड सरकार ने राज्य के चमोली जिले में विश्व की सर्वाधिक ऊंचाई से गुजरने वाली सबसे लम्बी धार्मिक यात्रा नन्दादेवी राजजात-2026 के आयोजन की तैयारी की समीक्षा की। इस धार्मिक यात्रा का आयोजन हर 12 साल बाद होता है।
जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने नंदा देवी राजजात यात्रा मार्ग का बुधवार को स्थलीय निरीक्षण कर इस मार्ग पर पड़ने वाले वाण, लोहाजंग और मुंदोली गांव के लोगों के साथ बैठक की और व्यवस्थाओं की समीक्षा कर अधिकारियों को स्थिति से निपटने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने इस दौरान श्री लाटू देवता मंदिर में भी पूजा-अर्चना कर यात्रा के सफल आयोजन की कामना की।
श्री कुमार ने इस दौरान अधिकारियों को यात्रा मार्ग में आने वाले स्कूल, गेस्ट हाउस, पंचायत भवन, होमस्टे आदि संपत्तियों की मैपिंग कराने को कहा और पार्किंग स्थलों का चिन्हिकरण, हेलीपैड से अप्रोच रोड तथा आपूर्ति के लिए भंडारगृह की व्यवस्था सुनिश्चित कर, अस्थायी टेंट कॉलोनी, बिजली, पानी और नेटवर्क की व्यवस्थाएं तय समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिले के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी को यात्रा के दौरान हेल्थ स्क्रीनिंग और अस्थायी अस्पताल की स्थापना करने के साथ ही यात्रा अवधि में सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट सिस्टम को व्यवस्थित बनाए रखने का भी अधिकारियों को निर्देश दिया। लोहाजंग में जिलाधिकारी ने वन विभाग के गेस्ट हाउस, पुलिस चौकी और पार्किंग स्थल का स्थालीय निरीक्षण भी किया।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने बताया कि इस बार यात्रा में अधिक संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है इसलिए भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन को बेहतर बनाने का काम किया जा रहा है। उनका कहना था कि स्थानीय लोगों की मांग पर सीसीटीवी की व्यवस्था करने पर भी विचार किया जायेगा और दूरस्थ क्षेत्रों में भी पुलिस चौकी स्थापित करने की व्यवस्था की जाएगी।
बैठक में स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने यात्रा को लेकर सुझाव दिए। ग्राम वाण की प्रधान नंदुली देवी ने कहा कि वाण के आगे निर्जन पड़ाव शुरू हो जाते हैं और बाण के बाद इस यात्रा में सबसे अधिक जनदबाव होता है। ऐसे में सब लोगों के रहने, भोजन, स्वास्थ्य, पार्किंग और शौचालय की बेहतर व्यवस्था की आवश्यकता है।
उन्होंने बताया कि सभी विकास कार्य ग्राम सभा की सहमति से गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध तरीके से पूरे होने चाहिए और यात्री विश्राम गृह, बारात घर, पार्किंग, बिजली, नेटवर्क, स्वास्थ्य सुविधा, सॉलिड वेस्ट प्रबंधन और भंडारा स्थलों के निर्माण में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।
ग्रामीणों ने नंदा देवी को 'विकास की देवी' बताया है जबकि लोहाजंग व्यापार मण्डल के व्यापारियों ने यात्रा के दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक पर बैन लगाने का सुझाव दिया। ग्राम प्रधान मुंदोली श्रीमती भागीरथी देवी ने राजजात के इस महत्वपूर्ण पड़ाव पर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने का ज्ञापन दिया। मुंदोली के पड़ाव अध्यक्ष खुशहाल सिंह बिष्ट ने बिजली, पानी, सड़क, पार्किंग, स्वास्थ्य की मांग रखी तथा स्वच्छता व्यवस्था के लिए पर्यावरण मित्र बनाने की मांग की। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान जगह जगह मेले लगते हैं इसलिए सरकार को इन मेलों के आयोजन के वास्ते अनुदान देना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित