जालौन , मार्च 6 -- उत्तर प्रदेश में जालौन जिले की कालपी तहसील अंतर्गत ग्राम चमारी में देश के चर्चित पत्रकार सौरभ द्विवेदी ने अपने पैतृक गांव से एक नई पहल की शुरुआत करते हुए बुंदेलखंड के गांवों में ज्ञान की अलख जगाने का संकल्प लिया है।
उन्होंने घोषणा की कि जन सहयोग ट्रस्ट के माध्यम से उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रत्येक गांव में एक-एक पुस्तकालय स्थापित कराने का प्रयास किया जाएगा। शुक्रवार शाम अपने पैतृक गांव चमारी में बड़े भाई अभय द्विवेदी के साथ पत्रकारों से बातचीत करते हुए सौरभ द्विवेदी ने बताया कि उनके बाबा माता प्रसाद द्विवेदी की स्मृति में 8 मार्च को सुबह 11 बजे गांव में पुस्तकालय का लोकार्पण किया जाएगा। इस अवसर पर देश के विभिन्न क्षेत्रों की कई प्रतिष्ठित हस्तियां उपस्थित रहेंगी।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नोबेल पुरस्कार विजेता कैलाश सत्यार्थी, राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह, यूपीएससी के प्रसिद्ध शिक्षक विकास दिव्यकीर्ति, प्रसिद्ध यूट्यूबर व स्टैंडअप कॉमेडियन जाकिर खान और अभिनेत्री सोनाली बेंद्रे शामिल होंगी। वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रसिद्ध कवि एवं रामकथा वक्ता कुमार विश्वास करेंगे।
इसके अलावा उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, कृभको के चेयरमैन डॉ. चंद्रपाल यादव तथा राज्यसभा सांसद व शायर इमरान प्रतापगढ़ी सहित बुंदेलखंड के कई जनप्रतिनिधियों के आने की संभावना है।
सौरभ द्विवेदी ने बुंदेली में कहा कि "पढ़बे-लिखे का मतलब है कि आदमी अपने गांव और समाज की नई पीढ़ी के लिए कुछ करे।" उन्होंने बताया कि पुस्तकालय में छात्रों के लिए आधुनिक अध्ययन सुविधाएं, वाई-फाई और ऑनलाइन अध्ययन की व्यवस्था होगी।
प्रारंभ में यहां लगभग 1500 से अधिक पुस्तकों की उपलब्धता रहेगी, जिन्हें समय-समय पर बढ़ाया जाएगा। पुस्तकालय में एक समय में करीब 150 लोगों के बैठकर अध्ययन करने की व्यवस्था होगी। आवश्यकता पड़ने पर आसपास की जमीन लेकर इसे और विस्तारित किया जाएगा। साथ ही जो विद्यार्थी यहां आकर पढ़ाई नहीं कर पाएंगे, उनके लिए मोबाइल पुस्तकालय की व्यवस्था भी की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित