अंबिकापुर , अप्रैल 09 -- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय गुरुवार सरगुजा प्रवास पर होंगे। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री के करकमलों से आजादी की लड़ाई के शहीद चन्द्रशेखर आजाद की प्रतिमा का अनावरण भी होना था। आजाद की प्रतिमा स्थल पर पर्याप्त तैयारी नहीं किए जाने का आरोप लगाकर बीती रात युवा कांग्रेस के नेताओं ने आजाद की प्रतिमा का अनावरण किया है। नगर निगम के आयुक्त ने युवा कांग्रेस के कार्य को शहीद का अपमान और शासकीय कार्य में बाधा माना है।
आयुक्त नगर निगम डी.एन. कश्यप से मिली जानकारी के अनुसार प्रतिमा का अनावरण निर्धारित प्रक्रिया और प्रशासनिक अनुमति के बिना किया गया है, जो कि नियमों का उल्लंघन है। उन्होंने कहा कि इस तरह की कार्रवाई प्रशासनिक कार्य में बाधा उत्पन्न करने के समान है और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने यह भी स्पष्ट किया कि प्रतिमा के सम्मान से जुड़ा यह विषय है और किसी भी प्रकार की अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा आज शहर में आयोजित कार्यक्रम में शहीद चंद्रशेखर आजाद और भाजपा नेता स्वर्गीय रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमाओं का विधिवत अनावरण किया जाना प्रस्तावित था। आज दोपहर साढ़े तीन बजे से शाम चार बजे के बीच यह कार्यक्रम प्रस्तावित है।
युवा कांग्रेस की ओर से आरोप लगाया गया है कि नगर निगम प्रशासन द्वारा रविशंकर त्रिपाठी की प्रतिमा के लिए व्यापक तैयारियां की गईं, जबकि शहीद चंद्रशेखर आजाद की प्रतिमा की उपेक्षा की गई। इसी के विरोध में यह कदम उठाया गया। घटना के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है और प्रशासनिक लापरवाही को लेकर आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित