चंडीगढ़ , अगस्त 27 -- हरियाणा विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन कांग्रेस विधायकों ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी और जंतर-मंतर पर नीट आंदोलन के दौरान विद्यार्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में प्रदर्शन किया। काले कपड़े पहनकर विधायक नारेबाजी करते हुए विधानसभा की ओर मार्च करने पहुंचे। पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए बैरिकेडिंग की और बल प्रयोग किया। कांग्रेस ने कई विधायकों के घायल होने का दावा किया।
नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि हर नागरिक और जनप्रतिनिधि को अपनी बात रखने का संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस विधायकों के साथ धक्कामुक्की कर रही थी। श्री हुड्डा ने चढ़ावा चोरी की निष्पक्ष जांच की मांग करते हुए सवाल उठाया कि आरोप सामने आने के बाद प्राथमिकी दर्ज करने में देरी क्यों हुई और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई क्यों नहीं की गई।
जंतर-मंतर लाठीचार्ज को लेकर उन्होंने कहा कि छात्रों पर कार्रवाई गलत थी। सरकार को प्रभावित छात्रों से माफी मांगनी चाहिए और प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामले वापस लेने चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा कांग्रेस पेपर लीक के मुद्दे को सड़क से सदन तक उठाएगी। श्री हुड्डा ने दावा किया कि हरियाणा में अब तक 30 से अधिक और देशभर में 152 से ज्यादा पेपर लीक हो चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित