राजनांदगांव , अक्टूबर 28 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव में चक्रवात 'अर्नब' से गुरुवार को भारी बारिश होने और तेज हवाओं के चलने की संभावना है।

बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव से प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में मौसम का मिजाज बदल गया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग और आपदा प्रबंधन से जुड़ी एजेंसियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन से आज प्राप्त जानकारी के अनुसार आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्रों से गुजरने के बाद चक्रवाती प्रणाली कमजोर पड़ रही है, लेकिन इसके प्रभाव से छत्तीसगढ़ के कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं की स्थिति बनी हुई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक राजनांदगांव सहित रायपुर और दुर्ग संभाग के कुछ क्षेत्रों में गुरुवार को बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।

जिले में 29 अक्टूबर को दिन और रात के दौरान मौसम का प्रभाव बने रहने की संभावना है। भारी बारिश से निचले इलाकों में जलभराव तथा तेज हवाओं के कारण बिजली और संचार सेवाएं प्रभावित होने की आशंका को देखते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर भी विशेष सतर्कता बरती जा रही है। मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य केंद्रों, फर्स्ट रेफरल यूनिट अस्पतालों तथा आपातकालीन चिकित्सा दलों को संभावित परिस्थितियों से निपटने के लिए तैयार रहने को कहा गया है। नगर निगम और संबंधित विभागों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने तथा बिजली एवं संचार सेवाओं की निरंतरता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

मौसम संबंधी पूर्वानुमान के अनुसार चक्रवाती प्रणाली का प्रभाव 30 अक्टूबर तक धीरे-धीरे कमजोर पड़ सकता है। इसके बाद राजनांदगांव जिले में मौसम सामान्य होने की संभावना है।

प्रशासन ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, कमजोर पेड़ों और जर्जर भवनों के आसपास नहीं रुकने तथा किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन से संपर्क करने की अपील की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित