रायपुर , अक्टूबर 29 -- केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से दूरभाष पर बातचीत कर चक्रवाती तूफान 'अर्नब' के प्रभाव और प्रदेश में उत्पन्न परिस्थितियों की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने आवश्यकता पड़ने पर केंद्र सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री साय ने केंद्रीय गृह मंत्री को बताया कि चक्रवात के प्रभाव से राज्य के विभिन्न हिस्सों में बारिश हो रही है। हालांकि, अब तक प्रदेश में कहीं से बाढ़ की स्थिति या जनहानि की सूचना प्राप्त नहीं हुई है। राज्य सरकार मौसम की परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और संभावित आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन को सतर्क रखा गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित विभागों और जिला प्रशासन के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक एहतियाती कदम उठाए जा रहे हैं। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित