भुवनेश्वर , अक्टूबर 25 -- चक्रवाती तूफान 'अर्णव' के संभावित प्रभाव को देखते हुए, टाटा पावर और ओडिशा सरकार के संयुक्त उपक्रम 'टीपी सेंट्रल ओडिशा डिस्ट्रीब्यूशन लिमिटेड' ने मध्य ओडिशा में बिजली वितरण ढांचे की सुरक्षा और विद्युत आपूर्ति में बाधाओं को कम करने के लिए एक व्यापक आपदा प्रबंधन एवं तैयारी योजना को सक्रिय कर दिया है।

इसके तहत आपदा प्रबंधन योजना को लागू करते हुए मौसम संबंधी संभावित व्यवधानों से निपटने और उपभोक्ताओं एवं बिजली के बुनियादी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक बहु-स्तरीय आपातकालीन प्रतिक्रिया तंत्र तैयार किया गया है।

इस उपक्रम ने संवेदनशील तटीय और आंतरिक क्षेत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया टीमों, तकनीकी रखरखाव कर्मियों और ब्रेकडाउन मरम्मत वाहनों को तैनात किया है। इन टीमों को स्टैंडबाय पर रखा गया है, ताकि प्रतिकूल मौसम के कारण बिजली नेटवर्क में आने वाली खराबी और अन्य आपात स्थितियों पर तुरंत प्रतिक्रिया दी जा सके।

अत्यावश्यक सेवाओं के लिए निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना कंपनी की मुख्य प्राथमिकता है और जिला मुख्यालय अस्पतालों, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों, प्रमुख पेयजल पंपिंग स्टेशनों और प्रशासनिक आपदा प्रबंधन नियंत्रण कार्यालयों में बिजली की निर्बाध आपूर्ति बनाए रखने के लिए विशेष व्यवस्था की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित