विजयवाड़ा , अक्टूबर 28 -- आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के कारण जान गंवाने वाले पांच लोगों के परिवारों को 5-5 लाख रुपये की अनुग्रह राशि और राहत शिविरों में रह रहे प्रभावित लोगों को 1000 रुपये प्रति व्यक्ति वित्तीय सहायता देने की घोषणा की है।

मुख्यमंत्री नायडू ने बुधवार शाम सचिवालय स्थित रियल टाइम गवर्नेंस सोसाइटी केंद्र में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह नुकसान का प्रत्यक्ष आकलन करने के लिए गुरुवार को प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।

मुख्यमंत्री ने राहत उपायों की घोषणा करते हुए कहा कि जिन परिवारों के घरों में पानी भर गया है, उन्हें 25 किलो चावल दिया जाएगा। इसके अलावा बुनकरों और मछुआरों को 50 किलो चावल के साथ-साथ एक-एक किलो प्याज, खाना पकाने का तेल और अरहर की दाल उपलब्ध कराई जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित