कोलकाता , अक्टूबर 26 -- पूर्व-मध्य और उससे सटे दक्षिण-पूर्वी बंगाल की खाड़ी के ऊपर बना गहरा दबाव तड़के चक्रवाती तूफान में बदल गया है।

यह मौसम प्रणाली फिलहाल अंडमान द्वीप समूह के श्री विजयपुरम से लगभग 590 किलोमीटर दूर केंद्रित है। बंगलादेश द्वारा 'अर्नव' नाम दिया गया यह चक्रवात कल पांच किमी प्रति घंटे की धीमी गति से आगे बढ़ रहा था, लेकिन पिछले कुछ घंटों में इसने रफ्तार पकड़ी है और 15 किमी प्रति घंटे की गति से जमीन की ओर बढ़ रहा है। आज आधी रात तक इसके पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी के ऊपर और गहरा होकर 'भीषण चक्रवाती तूफान' में बदलने की संभावना है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केन्द्र (आरएमसी) के पूर्वानुमान के अनुसार, 27 अक्टूबर की सुबह तक यह प्रणाली इसी क्षेत्र में और मजबूत होकर 'अति भीषण चक्रवाती तूफान' में तब्दील हो जाएगी। लगातार नमी हासिल करते हुए, इसके 28 अक्टूबर की दोपहर तक 115 से 125 किमी प्रति घंटे की निरंतर हवा की गति और 140 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाले झोंकों के साथ बापटला और विशाखापत्तनम के बीच आंध्र प्रदेश तथा यानम के तटों को पार करने का अनुमान है।

चक्रवात के अनुमानित मार्ग में तीखा मोड़ होने के कारण इसके प्रभाव से कई राज्यों में भारी से लेकर मध्यम और हल्की बारिश होने के आसार हैं। 27 से 30 अक्टूबर के दौरान अंडमान द्वीप समूह, तेलंगाना, छत्तीसगढ़, झारखंड, बिहार, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बारिश होने के आसार हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित