भुवनेश्वर , अक्टूबर 29 -- चक्रवाती तूफान अर्नब के कारण हुई भारी से ओडिशा के गंजम जिले में बहुदा नदी का जलस्तर बहुत बढ़ गया है। इसके कारण पूर्वी तटीय रेलवे (ईसीओआर) ने सुरक्षा उपायों के तहत नौ ट्रेनों को रद्द कर दिया है जबकि 14 अन्य ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया है। इस कारण से हावड़ा-चेन्नई मार्ग पर ट्रेन सेवाएं बाधित हो गई हैं।
लगभग 550 मिमी भारी बारिश होने के बाद, बहुदा नदी पर स्थित बघलाती बांध में जलस्तर खतरे के निशान को पार कर गया है। इच्छापुरम और झाडुपुडी के बीच रेलवे पुल पर भी जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर चला गया है, जिसके बाद रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एहतियाती कदम उठाए हैं। विशाखापत्तनम मंडल के इच्छापुरम-झाडुपूडी खंड में, पुल संख्या 631/01 और 630/01 पर पानी के खतरे के निशान से ऊपर बहने के कारण ट्रेन सेवाएं प्रभावित हुई हैं।
मौजूदा हालात के मद्देनजर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए ईसीओआर ने कई ट्रेनों को रद्द कर दिया है और उनके मार्ग बदल दिए हैं। रेलवे अधिकारी जल स्तर और समग्र स्थिति पर कड़ी नज़र रखे हुए हैं। पानी कम होने और प्रभावित हिस्से को ट्रेन परिचालन के लिए सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद सेवाएं फिर से बहाल की जाएंगी। ईसीओआर सूत्रों के अनुसार, 29 अक्टूबर को नौ ट्रेनें रद्द की गई हैं जबकि 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस को 30 अक्टूबर के लिए रद्द किया गया है।
29 अक्टूबर को रद्द की गई ट्रेनों में 20841 भुवनेश्वर-विशाखापत्तनम वंदे भारत एक्सप्रेस, 22819 भुवनेश्वर न्यू-विशाखापत्तनम इंटरसिटी एक्सप्रेस, भुवनेश्वर न्यू-सिकंदराबाद विशाखा एक्सप्रेस शामिल हैं। रेलवे ने 30 अक्टूबर को 18448 जगदलपुर-भुवनेश्वर हीराखंड एक्सप्रेस को रद्द करने की भी घोषणा की है। ईसीओआर ने बताया कि मौजूदा हालात के मद्देनजर कुल 14 ट्रेनों को वैकल्पिक मार्गों से भेजा गया है।
इस व्यवधान के कारण विभिन्न स्थानों पर फंसे यात्रियों के लिए, ईसीओआर ने भोजन और पीने के पानी सहित आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था की है। प्रभावित स्थानों पर अतिरिक्त कर्मचारियों, रेलवे सुरक्षा बल के जवानों और यात्रा टिकट परीक्षकों (टीटीई) को तैनात किया गया है ताकि वे यात्रियों का मार्गदर्शन कर सकें, उनकी शिकायतों का समाधान कर सकें और उन्हें आवश्यक सहायता प्रदान कर सकें।
रेलवे प्रशासन स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा पर भी विशेष ध्यान दे रहा है और जल स्तर के बारे में नियमित अपडेट प्राप्त करने तथा बदलती स्थिति का आकलन करने के लिए जिला प्रशासन के साथ समन्वय कर रहा है। रेलवे ने परिचालन एवं यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने, स्थिति की समीक्षा करने और आवश्यक उपायों में समन्वय स्थापित करने के उद्देश्य से राज्य सरकार के साथ एक उच्च-स्तरीय बैठक की।
ईसीओआर सोशल मीडिया, 'रेल मदद' और अन्य उपलब्ध माध्यमों द्वारा यात्रियों की शिकायतों पर कड़ी नज़र रख रहा है ताकि ज़रूरी फ़ैसले तुरंत लिए जा सकें। रेलवे अधिकारी यात्रियों को ट्रेनों के संचालन में होने वाले बदलावों की जानकारी देने का भी काम कर रहे हैं। ट्रेनों के रद्द होने, उनके मार्ग में परिवर्तन एवं अन्य परिचालन संबंधी जानकारी आधिकारिक संचार माध्यमों, सोशल मीडिया हैंडल, मोबाइल एप्लिकेशन और राष्ट्रीय ट्रेन पूछताछ प्रणाली (एनटीईएस) के माध्यम से दी जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित