चेन्नई, एक नवंबर (वार्ता) मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी से उठे चक्रवाती तूफान 'मुरासु' के कारण तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई और इसके आसपास के जिलों में दो दिनों तक भारी से बहुत भारी बारिश का पूर्वानुमान जताते हुए सोमवार के लिए 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया है।

यह चक्रवाती तूफान सोमवार सुबह तक और तीव्र होकर और अधिक तेज या गंभीर चक्रवाती तूफान में बदल जाएगा और दो नवंबर की मध्यरात्रि से तीन नवंबर के तड़के आंध्र प्रदेश के तटीय इलाके में प्रवेश करेगा लेकिन तमिलनाडु के उत्तरी तट के करीब से गुजरने के कारण चेन्नई और निकटवर्ती जिलों में मूसलाधार बारिश होगी।

चक्रवाती तूफान के खतरे को देखते हुए तमिलनाडु के 9 और पुडुचेरी के 2 सहित कुल 11 बंदरगाहों पर दूरस्थ चेतावनी संकेत संख्या-1 जारी कर दी गयी है। तमिलनाडु में चेन्नई, कुड्डालोर, नागपट्टिनम, एनोर, कट्टुपल्ली, पंबन, तूथुकुडी, रामेश्वरम और कोलाचेल बंदरगाहों पर, जबकि केंद्र शासित प्रदेश के पुडुचेरी और कराइकल बंदरगाहों पर तूफान की चेतावनी के संकेत लगाए गए हैं।

यहां रविवार दोपहर तक तेज धूप खिली हुई थी, लेकिन दोपहर बाद आसमान में घने काले बादल छा गए, जिससे उत्तर-पूर्वी मानसून के दोबारा बलवती होने के संकेत मिल रहे हैं। अनुमान है कि रविवार की रात में बारिश जोर पकड़ेगी और सोमवार पूरे दिन शहर को भिगोएगी।

मौसम विभाग ने तिरुवल्लूर जिले में बहुत भारी बारिश (20 सेमी तक) की संभावना के मद्देनजर 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया गया है। वहीं चेन्नई, चेंगलपट्टू, कांचीपुरम, रानीपेट और पश्चिमी घाट क्षेत्र के नीलगिरी जिले में भारी बारिश (12 सेमी तक) के लिए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। इसके अलावा वेल्लोर, तिरुवन्नमलाई, विल्लुपुरम, कल्लाकुरिची, कुड्डालोर, इरोड, तिरुप्पुर, सेलम, नामक्कल, करूर, तिरुचिरापल्ली, मदुरै, तिरुनेलवेली, कन्याकुमारी और पुडुचेरी में मध्यम बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग ने मंगलवार तीन 3 नवंबर के लिए नीलगिरी जिले में भारी बारिश का 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है, जबकि उत्तर तमिलनाडु, पश्चिमी घाट के जिलों, पुडुचेरी और कराइकल में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित