श्रीगंगानगर , जून 13 -- राजस्थान में श्रीगंगानगर जिले के घडसाना सेक्टर में तैनात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की 140 वीं बटालियन के एक सहायक उप निरीक्षक की ड्यूटी के दौरान अचानक चक्कर आने से मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों ने शनिवार को बताया कि अश्विनी कुमार (56) को बीएसएफ के जवान शुक्रवार को दोपहर गंभीर हालत में नयी मंडी घड़साना के सरकारी अस्पताल में लेकर आये थे। चिकित्सकों ने उनका उपचार किया, लेकिन हालत में सुधार नहीं हुआ। इस पर अश्विनीकुमार को बीकानेर भेजा गया। बीकानेर के पीबीएम अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।

पुलिस ने बताया कि अश्विनीकुमार घडसाना सेक्टर की के के टिब्बा सीमा चौकी पर तैनात थे। वह बिहार के गया जिले में गांव पंचरखी देऊला के निवासी थे। बीकानेर में आज पोस्टमार्टम होने के बाद शव सड़क मार्ग से जयपुर ले जाया गया है। वहां से हवाई जहाज द्वारा पैतृक गांव ले जाया जाएगा। उनकी अंत्येष्टि रविवार को होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित