मुरैना , फरवरी 04 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल नदी के राजघाट क्षेत्र में रेत माफिया द्वारा प्रतिबंधित इलाके से अवैध रूप से उत्खनन कर भंडारित की गई रेत के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। टास्क फोर्स की टीम ने आज बुधवार दूसरे दिन भी कार्रवाई करते हुए करीब चार हजार ट्रॉली अवैध रेत को जेसीबी मशीनों की मदद से मिट्टी में मिलाकर नष्ट किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार टास्क फोर्स की टीम लगातार दूसरे दिन चंबल राजघाट पहुंची, जहां नदी के समीप बड़ी मात्रा में अवैध रूप से भंडारित रेत को 12 जेसीबी मशीनों और चार डोजर की सहायता से नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर वन और राजस्व विभाग के अमले के साथ करीब डेढ़ सौ पुलिस जवान भी मौके पर मौजूद रहे।

बताया गया है कि रेत माफिया द्वारा चंबल नदी से बड़े पैमाने पर अवैध उत्खनन कर रेत को नदी किनारे भंडारित किया गया था। सूत्रों के अनुसार टास्क फोर्स की टीम ने बीते दो दिनों में कुल पांच हजार ट्रॉली अवैध रेत को नष्ट किया है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित