मुरैना , मई 13 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल नदी के घाटों से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर न्यायालय की रोक तथा प्रशासनिक सख्ती के बाद रेत माफिया ने तस्करी का नया तरीका अपनाया है। वायरल वीडियो में माफिया से जुड़े लोग नावों के जरिए जलमार्ग से अवैध रेत परिवहन करते दिखाई दिए हैं, जिससे प्रशासनिक अमला भी चौंक गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन को रोकने के लिए जिला प्रशासन ने चंबल घाटों तक ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की पहुंच रोकने हेतु मार्गों में गहरे गड्ढे खुदवाए हैं तथा भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। इसके बावजूद माफिया ने राजस्थान सीमा से नावों के माध्यम से जलमार्ग द्वारा रेत लाकर उन घाटों के समीप भंडारण शुरू कर दिया, जहां निगरानी अपेक्षाकृत कम थी।
वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन ने संबंधित घाटों पर निगरानी और बढ़ा दी है। पुलिस और वन विभाग की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं। ड्रोन कैमरे में कैद तस्वीरों के आधार पर प्रशासन अवैध रूप से जमा की गई रेत को जेसीबी मशीनों की मदद से मिट्टी में मिलाकर नष्ट करने की तैयारी कर रहा है।
वन विभाग के सूत्रों ने बताया कि चंबल नदी में अवैध रूप से संचालित नावों के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी और उन्हें जब्त कर राजसात किया जाएगा। सूत्रों के अनुसार राजस्थान और मध्यप्रदेश के अधिकारियों की संयुक्त टीमें अब इस अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए समन्वित अभियान चला रही हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित