मुरैना , अप्रैल 20 -- चंबल नदी से रेत के अवैध उत्खनन और परिवहन पर सुप्रीम कोर्ट की सख्ती के बाद मुरैेना जिला प्रशासन सक्रिय हो गया है। अवैध खनन पर रोक लगाने के लिए विशेष सशस्त्र बल की तैनाती के साथ ड्रोन कैमरों से निगरानी की जा रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार वन रक्षक हरकेश गुर्जर की रेत माफिया द्वारा ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या के बाद सुप्रीम कोर्ट ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश और राजस्थान सरकारों को कड़ी फटकार लगाई थी। न्यायालय ने अवैध खनन रोकने में विफल रहने पर कड़े कदम उठाने की चेतावनी भी दी थी।

इसके बाद मुरैना जिला प्रशासन को विशेष सशस्त्र बल की एक कंपनी उपलब्ध कराई गई है, जिसे चंबल राजघाट सहित चार प्रमुख स्थानों पर तैनात किया गया है, जहां से रेत का अवैध परिवहन ट्रैक्टर-ट्रालियों के माध्यम से किया जाता था। इसके अलावा लगभग पचास जवान राजघाट क्षेत्र में डेरा डालकर निगरानी कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित