भिण्ड , अक्टूबर 06 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर क्षेत्र के सालमपुर गांव में मंगलवार सुबह चंबल नदी से निकलकर करीब आठ किलोमीटर दूर पहुंचे मगरमच्छ के एक घर के पास दिखाई देने से हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने मगरमच्छ को घेरकर काफी मशक्कत के बाद काबू कर लिया।

ग्रामीणों के मुताबिक मगरमच्छ रात करीब तीन बजे सालमपुर निवासी कोमल शर्मा के घर के पास पहुंचा था। रात में इसकी जानकारी किसी को नहीं हुई। सुबह ग्रामीणों ने मगरमच्छ को देखा तो गांव में दहशत फैल गई। इसके बाद लोगों ने एकजुट होकर उसे घेर लिया और पकड़ लिया।

मगरमच्छ को काबू करने के बाद ग्रामीणों ने उसे मवेशी बांधने वाली रस्सी से बिजली के पोल से बांध दिया। इसके बाद उसे देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों का कहना है कि खुले में छोड़ने पर मगरमच्छ लोगों या मवेशियों के लिए खतरा बन सकता था, इसलिए उसे मजबूरी में बांधकर रखा गया।

ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। उनका कहना है कि सुबह रेंजर कृतिका शुक्ला को फोन किया गया, लेकिन फोन रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों से संपर्क किया गया। विभाग की ओर से बताया गया कि मगरमच्छ का रेस्क्यू भिण्ड की टीम नहीं कर पाएगी, इसलिए मुरैना से दल बुलाया जाएगा। रेस्क्यू में देरी को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। खबर लिखे जाने तक मगरमच्छ गांव में ही रस्सी से बंधा हुआ था और ग्रामीण रेस्क्यू टीम के पहुंचने का इंतजार कर रहे थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित