मुरैना , सितंबर 13 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के चिन्नौनी थाना क्षेत्र में रविवार को चंबल नदी में नहाते समय पिता-पुत्र डूब गए। एसडीआरएफ की टीम ने करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद पिता का शव नदी से बरामद कर लिया, जबकि पुत्र की तलाश जारी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार ग्वालियर के बिरलानगर स्थित चंदनपुरा निवासी देवेंद्र सिकरवार (45) अपने पुत्र बंटी सिकरवार (15) के साथ चंबल किनारे स्थित बाबू महाराज मंदिर पर आयोजित मेले में दर्शन करने आए थे। दर्शन करने से पहले दोनों पिता-पुत्र चंबल के मचेला घाट पर नदी में नहाने उतरे थे। इसी दौरान नदी के तेज बहाव के कारण दोनों अपना संतुलन खो बैठे और पानी में बह गए।
पिता-पुत्र के डूबने की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद देवेंद्र सिकरवार का शव नदी से खोज निकाला। बंटी सिकरवार की तलाश में टीम जुटी हुई है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित