मुरैना , फरवरी 05 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले में चंबल नदी के प्रतिबंधित क्षेत्र से रेत माफिया द्वारा अवैध रूप से उत्खनन कर भंडारित की गई करीब 15 हजार ट्राली रेत को जिला टास्क फोर्स की टीम ने जेसीबी मशीनों की मदद से मिट्टी में मिलाकर नष्ट कर दिया। नष्ट की गई रेत की अनुमानित बाजारू कीमत तीन करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार रेत माफिया के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई तीसरे दिन भी जारी रही। राजघाट क्षेत्र के आसपास दोपहर तक करीब दो हजार ट्राली डंप रेत को नष्ट किया गया। सूत्रों ने बताया कि तीन दिनों में कुल 15 हजार ट्राली अवैध रेत को एक दर्जन जेसीबी मशीनों की सहायता से पूरी तरह नष्ट किया जा चुका है।

इस कार्रवाई में वन विभाग, राजस्व विभाग और खनिज विभाग के अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार यह जिला टास्क फोर्स द्वारा रेत माफिया के खिलाफ की गई अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।

बताया गया है कि अवैध रेत उत्खनन और भंडारण की शिकायत मिलने के बाद कलेक्टर लोकेश कुमार जांगिड़ ने टास्क फोर्स में शामिल सभी अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए थे, जिसके बाद यह व्यापक कार्रवाई की गई। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि रेत माफिया के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित