भिण्ड , अप्रैल 27 -- मध्यप्रदेश में भिण्ड जिले के अटेर क्षेत्र में चंबल नदी किनारे पार्टी के दौरान हुए विवाद में फायरिंग हो गई, जिसमें एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार बंबा किनारा निवासी पूरन सिंह कुशवाह (35) अपने साथियों के साथ दाल-टिक्कर और शराब की पार्टी मनाने चंबल नदी किनारे गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और गाली-गलौज के बीच एक आरोपी ने फायरिंग कर दी।
फायरिंग में पूरन सिंह के पैर में दो गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अटेर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल भिण्ड रेफर किया गया।
घटना के बाद आरोपी राजेश कुशवाह, रक्षपाल सिंह तोमर और संदीप भदौरिया मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार घटना के कारणों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित