चंपावत , जुलाई 18 -- उत्तराखंड के चंपावत में नकली और संदिग्ध दवाओं की रोकथाम के लिए औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से शनिवार को विशेष जांच अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान एक थोक और चार खुदरा मेडिकल प्रतिष्ठानों का औचक निरीक्षण किया गया तथा जांच के लिए सात दवाओं के नमूने एकत्र किए गए।

अपर आयुक्त एवं उप औषधि नियंत्रक, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन, देहरादून के निर्देश पर लोहाघाट ब्लाक में यह कार्रवाई की गई। निरीक्षण के दौरान विभागीय टीम ने दवाओं के क्रय-विक्रय अभिलेख, ड्रग लाइसेंस की वैधता, दवाओं के सुरक्षित भंडारण, सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता तथा मनःप्रभावी (नार्कोटिक्स) दवाओं से संबंधित रजिस्टरों की गहन जांच की। सभी खुदरा मेडिकल स्टोरों पर पंजीकृत फार्मासिस्ट की उपस्थिति भी सुनिश्चित पाई गई।

औषधि निरीक्षक हर्षिता ने बताया कि संदेह के आधार पर विभिन्न दवाओं के सात नमूने लेकर उन्हें परीक्षण के लिए औषधि विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

अभियान के दौरान मेडिकल स्टोर संचालकों को भारत सरकार के 'मानस पोर्टल' और टोल-फ्री नंबर 1933 के बारे में जानकारी दी गई तथा ड्रग लाइसेंस की शर्तों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए।

औषधि विभाग ने स्पष्ट किया कि यदि कोई प्रतिष्ठान औषधि एवं सौंदर्य प्रसाधन अधिनियम, 1940 तथा नियमावली, 1945 का उल्लंघन करता पाया गया तो उसके खिलाफ नियमानुसार सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने बताया कि जनपद में यह निरीक्षण अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित