चम्पावत , मई 04 -- उत्तराखंड के चंपावत में सोमवार को आस्था और संस्कृति का प्रतीक प्रसिद्ध गोल्ज्यू महोत्सव का भव्य आगाज हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार गोल्ज्यू मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार और विधिवत पूजा-अर्चना के साथ महोत्सव का शुभारम्भ किया गया।
इस मौके पर पूरा वातावरण भक्तिमय रहा। पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं द्वारा भव्य कलश यात्रा निकाली गई। यात्रा के दौरान कुमाऊं के प्रसिद्ध छोलिया नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान खींचा और माहौल को उत्सवमय बना दिया।
जिलाधिकारी ने भी मंदिर पहुंचकर पूजा-अर्चना की और जनपद की खुशहाली की प्रार्थना की। उन्होंने महोत्सव के सफल आयोजन के लिए सभी विभागों और आयोजन समिति के समन्वित प्रयासों की सराहना करते हुए व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
नगर पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी भरत त्रिपाठी ने बताया कि मौसम को ध्यान में रखते हुए महोत्सव की समयावधि और कार्यक्रमों में आवश्यकतानुसार बदलाव किया जा सकता है, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भगवान श्री गोल्ज्यू महाराज से प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना करते हुए अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित